November 5, 2026 2:48 am

86 केंद्रों पर शुरू हुई धान खरीद, 2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य

धान की उतराई और छनाई के लिए किसानों को मिलेंगे 20 रुपये अतिरिक्त, इस वर्ष 1.25 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित

सोनभद्र। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत एक नवंबर से धान खरीद शुरू हो गई है। शासन की ओर से इस वर्ष कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किसानों को धान की उतराई एवं छनाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए जनपद में कुल 86 धान क्रय केंद्र संचालित किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष 84 केंद्र थे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 34, कृषि उत्पादन मंडी समिति के चार तथा भारतीय खाद्य निगम के दो क्रय केंद्र संचालित हैं। इसके अतिरिक्त किसानों की सुविधा को देखते हुए सात नए क्रय केंद्र खोले जाने की भी संभावना है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी के अनुसार गत खरीफ विपणन वर्ष में शासन की ओर से जनपद को 1,03,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 22,477 किसानों से कुल 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। इस वर्ष खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 1,25,000 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 1,364 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, जिसमें से 681 किसानों का सत्यापन भी पूरा हो चुका है। वहीं, गत वर्ष 50 पंजीकृत राइस मिलों के सापेक्ष इस वर्ष अब तक 46 राइस मिलों का पंजीकरण किया गया है। इन्हीं मिलों के माध्यम से धान की कस्टम हिलिंग कराई जाएगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि क्रय केंद्रों पर धान ले जाने से पहले उसे अच्छी तरह साफ कर पर्याप्त रूप से सुखा लें। धान में नमी निर्धारित मानक 17 प्रतिशत अथवा उससे कम होने पर ही क्रय केंद्र पर लेकर जाएं। धान बिक्री के समय किसान पंजीकरण प्रपत्र, फार्मर आईडी, आधार कार्ड की प्रति और खतौनी अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं, जिससे खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!