November 6, 2026 4:32 am

अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

सोनभद्र। कानपुर के कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट की एक नवंबर को हुई निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को सोनभद्र के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने कोर्ट एवं तहसील परिसर में जुलूस निकालकर चक्रमण किया और इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को सौंपा। सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट की अध्यक्षता एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट के संचालन में अधिवक्ताओं ने हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे अधिवक्ता समुदाय में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अधिवक्ता गयादीन अहिरवार के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इसके साथ ही प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस दौरान अधिवक्ता गोविंद प्रसाद मिश्र, राकेश शरण मिश्र, ओम प्रकाश त्रिपाठी, रमेश प्रसाद चौबे, आनंद मिश्र, राजीव सिंह गौतम, अखिलेश पाण्डेय, विनोद शुक्ला, प्रभात मिश्र, अरुण सिंघल, पवन मिश्रा, मनोज मिश्रा, आशुतोष दुबे, बंसी पाण्डेय, गीता गौर, अभिषेक श्रीवास्तव, अंकित सिंह, भानु चौहान, सुजीत, धीरज, राहुल जैन, राघवेंद्र नारायण, प्रभाकर श्रीवास्तव, रोशनलाल यादव, बिंदू यादव, कंचन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!