पंचायतराज से ग्राम स्वराज व शाश्वत विकास पर जुटेंगे सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि
सोनभद्र (म्योरपुर) स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में एक और दो नवंबर को दो दिवसीय ग्राम स्वराज सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें पंचायतों को मजबूत बनाने, ग्राम स्वराज, सतत विकास और प्रदूषण के प्रभावों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पर्यावरण से जुड़े लोग शामिल होंगे। बनवासी सेवा आश्रम की मंत्री शुभा प्रेम की तरफ से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार सम्मेलन का मुख्य विषय पंचायतराज से ग्राम स्वराज व शाश्वत विकास तथा प्रदूषण प्रभाव की वर्तमान स्थिति रखा गया है। मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. संजय सिंह, तिसरी सरकार के संस्थापक प्राण तथा सर्व सेवा संघ के अरविंद अंजुम शामिल होंगे। सम्मेलन के पहले दिन एक नवंबर को ग्राम स्वराज संगठन की रिपोर्ट और अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदूषण की वर्तमान स्थिति और मानव स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों तथा ग्राम स्वराज संगठन की भूमिका पर चर्चा होगी। ग्राम स्वराज और शाश्वत विकास, खुली सभा तथा सामूहिक संवाद भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।दूसरे दिन दो नवंबर को ग्राम प्रतिनिधियों के अनुभव साझा करने, लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका, ग्राम स्वराज के आधारभूत तत्वों और लोक सेवकों के सम्मान जैसे विषयों पर चर्चा होगी। सम्मेलन के दौरान ग्राम स्वावलंबन प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें स्थानीय कारीगरों की कला और उनके उत्पादों को देखने व समझने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक संवाद को आगे बढ़ाना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









