रात से जाम में फंसे रहे वाहन, मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंसी; यात्रियों को हुई भारी परेशानी
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे स्थित मारकुंडी घाटी में गुरुवार को भीषण जाम लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रात से ही बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे। जाम का दायरा कई किलोमीटर तक पहुंचने से यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी मुश्किलों से जूझना पड़ा। वहीं, आपातकालीन मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीज और उसके परिजनों की चिंता बढ़ गई। बताया जा रहा है कि मारकुंडी घाटी में गिट्टी और मोरंग लदे वाहनों की अधिक संख्या तथा चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ के कारण यातायात बाधित हुआ। इसके अलावा बैरियर पर अधिकारियों की गैरमौजूदगी को भी जाम की एक वजह बताया जा रहा है। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से आवागमन करने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि बीती रात टोल प्लाजा के समीप चेकिंग अभियान चलाकर जाम खुलवाया गया था। इसके बावजूद गुरुवार सुबह एक बार फिर मारकुंडी घाटी में लंबा जाम लग गया। बार-बार जाम की समस्या सामने आने से यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से यातायात व्यवस्था सुचारु कराने तथा मारकुंडी घाटी में लगने वाले जाम का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









