October 25, 2026 2:12 pm

नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 23.86 लाख की आवासीय संपत्ति फ्रीज

छह मामलों में अब तक 5.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त/फ्रीज, एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई

सोनभद्र। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शक्तिनगर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी दीपक कुमार भारती की 23 लाख 86 हजार रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति फ्रीज कर दी गई। शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को की गई इस कार्रवाई के दौरान संबंधित संपत्ति पर फ्रीजिंग आदेश का नोटिस विधिवत चस्पा किया गया। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र राय और थानाध्यक्ष पिपरी अजय कुमार श्रीवास्तव की ओर से यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक कुमार भारती पुत्र गुलाब भारती, निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा की उक्त संपत्ति मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से अर्जित धनराशि से खरीदी गई थी। पुलिस ने बताया कि शक्तिनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 20/2026, धारा 8/21, 27-ए/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई है। संपत्ति फ्रीज करने का आदेश 21 अक्टूबर 2026 को जारी हुआ था, जिसे भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सक्षम प्राधिकारी एवं न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली ने वाद संख्या NDPSA/FO/1305/DAL/2026 में अनुमोदित किया था। इसी आदेश के अनुपालन में 24 अक्टूबर को संपत्ति फ्रीज की गई।

चार मुकदमों में आरोपी का नाम

पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार भारती के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत अनपरा थाने में वर्ष 2023 का मुकदमा संख्या 133/2023 और वर्ष 2025 का मुकदमा संख्या 193/2025 दर्ज है। इसके अलावा शक्तिनगर थाने में वर्ष 2026 का मुकदमा संख्या 20/2026 तथा अनपरा थाने में वर्ष 2019 का मुकदमा संख्या 16/2019, धारा 323, 34, 504 और 506 आईपीसी के तहत दर्ज है।

छह मामलों में 5.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज

सोनभद्र पुलिस के मुताबिक, जनपद में अब तक छह मामलों में कुल 5 करोड़ 56 लाख 25 हजार 695 रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की जा चुकी है। इनमें रॉबर्ट्सगंज थाने के दो, अनपरा के एक, शक्तिनगर के दो और म्योरपुर थाने का एक मामला शामिल है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज में कोडीनयुक्त कफ सिरप से संबंधित मामले में 4 करोड़ 50 लाख 13 हजार 541 रुपये तथा एक अन्य हेरोइन मामले में 1 लाख 8 हजार 156 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई। अनपरा में हेरोइन से संबंधित मामले में 26 लाख 62 हजार 165 रुपये, शक्तिनगर के एक मामले में 15 लाख 72 हजार 140 रुपये और म्योरपुर में 38 लाख 83 हजार 693.52 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई। वहीं, शक्तिनगर में शनिवार को हुई कार्रवाई में 23 लाख 86 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों और उनसे संबंधित संपत्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!