सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर बाजार में ट्यूशन पढ़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है मिली जानकारी के अनुसार बीजपुर बाजार निवासी मोहम्मद इसराइल का पुत्र परवेज आलम सोमवार की रात पुनर्वास प्रथम में स्थित मंदिर के पास मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान बीजपुर बाजार निवासी इम्तियाज पुत्र मुख्तार वहां पहुंचा और ट्यूशन पढ़ाने की बात को लेकर परवेज से विवाद व हाथापाई करने लगा। विवाद बढ़ने पर परवेज किसी तरह वहां से बचकर इम्तियाज के पिता को शिकायत दर्ज कराने उसके घर पहुंचा। आरोप है कि इसी बीच इम्तियाज ने अपने एक अन्य साथी रणवीर पुत्र स्वर्गीय राधे को बुला लिया।इसके बाद दोनों ने मिलकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से परवेज पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे जहां परवेज बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन सिर में गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायल युवक अभी भी अचेत अवस्था में उपचाराधीन है। घटना के संबंध में पीड़ित युवक की बहन गुलशन परवीन की ओर से बीजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर देकर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गयी है मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









