October 16, 2026 2:37 am

रामसरोवर तालाब पर सजी केवट मिलन की लीला, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

केवट की भक्ति और समर्पण ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर, सदर विधायक भूपेश चौबे ने उतारी प्रभु श्रीराम की आरती

सोनभद्र। नगर में श्री रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के तहत गुरुवार को विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास स्थित रामसरोवर तालाब पर केवट मिलन और गंगा पार करने की लीला का सजीव मंचन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के गंगा पार जाने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम के नाव पर सवार होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा तट पर पहुंचने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। जब प्रभु श्रीराम ने केवट से गंगा पार कराने का आग्रह किया तो केवट ने विनम्रता से कहा कि प्रभु के चरणों की धूल के स्पर्श से पत्थर भी नारी बन गया था। ऐसे में उसकी लकड़ी की नाव का क्या होगा। इसलिए पहले उसे प्रभु के चरण धोने की अनुमति दी जाए। केवट की अनन्य भक्ति, श्रद्धा और समर्पण से जुड़ा यह प्रसंग दर्शकों को खूब भाया। प्रभु श्रीराम की अनुमति मिलने के बाद केवट ने उनके चरण धोए और फिर उन्हें नाव पर बैठाकर गंगा पार कराया। इस दौरान माता सीता और भ्राता लक्ष्मण भी साथ रहे। भगवान श्रीराम के वनगमन और अयोध्या से दूर जाने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। लीला के मंचन के दौरान बार-बार जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। इस अवसर पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने भगवान श्रीराम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण की आरती उतारी। इसके बाद रामलीला समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी प्रभु की आरती कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में प्रमोद गुप्ता, पवन जैन, आनंद मिश्रा, डॉ. धर्मवीर तिवारी, राकेश गुप्ता, सुशील पाठक, चंदू केजरीवाल और विनोद सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!