23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, सोनभद्र में शिक्षक निर्वाचन के 21 और स्नातक के 13 मतदेय स्थल निर्धारित
सोनभद्र। विधान परिषद वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मतदान संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी और वीडियो के माध्यम से मतदान प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही बैलेट बॉक्स को खोलने एवं बंद करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मतदान से एक दिन पूर्व 22 अक्टूबर को की जाने वाली तैयारियों और मतदान दिवस 23 अक्टूबर को निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है। इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जनपद में शिक्षक निर्वाचन के लिए 21 तथा स्नातक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। मतदान दल 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर से अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगे। प्रस्थान से पहले बैलेट बॉक्स, मतदाता सूची, निर्वाचन लड़ रहे उम्मीदवारों की सूची सहित अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री का भली-भांति मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ कलेक्ट्रेट परिसर लौटेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी सभी दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, सतर्कता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करें।प्रशिक्षण सत्र में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कार्मिक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विकास अधिकारी तथा प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









