बच्चियों कीर्ति और गौरी को दिया स्नेह, जनपदवासियों से उपहार भेंट करने की अपील
सोनभद्र। नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘हमारी कीर्ति अभियान’ के तहत मिशन शक्ति के अंतर्गत आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा अपनी टीम के साथ वन स्टॉप सेंटर स्थित दत्तक ग्रहण इकाई पहुंचीं। यहां उन्होंने आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी से मुलाकात कर उन्हें उपहार भेंट किए तथा प्यार-दुलार और स्नेह दिया। बच्चियों से मिलकर वह भावुक हो गईं और उनके सुखद भविष्य की कामना की।इस दौरान आरुषी मिश्रा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे ‘हमारी कीर्ति अभियान’ से जुड़कर दत्तक ग्रहण इकाई में रह रही बच्चियों के लिए अपनी सामर्थ्य और इच्छानुसार उपहार भेंट करें। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने और उनके प्रति अपनत्व व्यक्त करने में सभी सहभागी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्यार, सुरक्षा और परिवार का स्नेह पाने का अधिकार है। परिवार का अपनापन और सुरक्षित वातावरण बच्चों के जीवन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर बच्ची को ऐसा परिवार मिलना चाहिए, जहां उसे भरपूर प्यार, दुलार, संरक्षण और बेहतर भविष्य मिल सके। आकांक्षा समिति की अध्यक्ष ने बच्चियों कीर्ति और गौरी को स्नेहिल परिवार का साथ दिलाने के उद्देश्य से नियमानुसार दत्तक ग्रहण प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चियों को परिवार का प्यार और संरक्षण उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने जनपदवासियों से इस पुनीत पहल में सहयोग कर बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने की अपील की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय आकांक्षा गौतम, प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती, दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका पुष्पांजली, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक दीपिका सिंह, आकांक्षा समिति की सदस्य नीरा जलान, स्नेहील अग्रवाल, त्रिशाला त्रिपाठी और अनिता थरद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









