एसपी अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, छात्राओं और महिलाओं ने लिया हिस्सा
सोनभद्र। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। इस क्रम में सोमवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से भव्य पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की उपस्थिति रही। पैदल मार्च में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, विंद बीएड कॉलेज और साई पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं के साथ महिला सहायता समूह एवं मारवाड़ी मंच की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्च के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, नारी सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा के प्रति आमजन की भागीदारी बढ़ाने और समाज में सम्मानजनक व्यवहार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है। पैदल मार्च के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, परेशानी अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाएं और समाज में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें।
महिला सुरक्षा के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन सेवा 112, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 1091 एवं 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









