– 1954 से चली आ रही परंपरा, राम विवाह के दिन गरीब कन्या का कराया जाता है विवाह
सोनभद्र। चुर्क नगर के वार्ड नंबर सात स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार को मुकुट पूजा के साथ रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप चौबे तथा भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान रामलीला समिति के सदस्यों ने अतिथियों को बैज लगाकर, माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद कलाकारों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की आरती की और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक आयोजन की शुरुआत की। रामलीला के शुभारंभ पर उपस्थित श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। इस वर्ष रामलीला में सोनभद्र के स्थानीय कलाकार आदर्श श्री शिव रामलीला समिति, मड़रा के माध्यम से विभिन्न पात्रों का जीवंत मंचन करेंगे। आयोजन को लेकर रामलीला मैदान को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। आयोजकों की ओर से मंचन को विशेष रूप से आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है, ताकि दर्शक रामायण के विभिन्न प्रसंगों का आनंद ले सकें कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश जन-जन तक पहुंचता है।
1954 से कायम है रामलीला मंचन की परंपरा
चुर्क नगर में रामलीला मंचन की परंपरा वर्ष 1954 से चली आ रही है। दशकों से आयोजित हो रही इस रामलीला से क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष भी मंचन को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। रामलीला के दौरान विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा की पहल
चुर्क की रामलीला की एक खास विशेषता सामाजिक सरोकार भी है। समिति की ओर से वर्ष 2016 से राम विवाह के दिन एक गरीब कन्या का विवाह कराने की परंपरा शुरू की गई है। इस पहल के माध्यम से धार्मिक आयोजन को सामाजिक सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह परंपरा जरूरतमंद परिवार की सहायता करने के साथ समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी देती है। कार्यक्रम में अरुण सिंह, हौसला प्रसाद पांडेय, शिव कुमार सिंह, जयप्रकाश यादव, सभासद निर्मल, सभासद सूरज चंद्रवंशी, रुपेश, विशाल सिंह, दीपचंद महतो, जयराम वर्मा, गोपाल सहित रामलीला समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी चुर्क चौकी पुलिस ने संभाली। रामलीला के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









