October 10, 2026 3:46 am

एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 45 स्वर्ण पदकों के साथ मुख्यांचल बना ओवरऑल चैंपियन

सोनभद्र (दुद्धी) सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी के टाउन क्लब मैदान में आयोजित 35वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। खेल, संस्कृति और देशभक्ति के अनूठे संगम ने समारोह को यादगार बना दिया। विभिन्न अंचलों के छात्र-छात्राओं ने 100 मीटर लंबी मानव शृंखला बनाकर भारत के मानचित्र की आकृति उकेरी और तिरंगा लहराते हुए ‘ये देश है वीर जवानों का’ गीत प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन तथा विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेजबान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद विभिन्न स्पर्धाओं में व्यक्तिगत चैंपियन बने खिलाड़ियों को कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यांचल का दबदबा, 45 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनप्रतियोगिता के परिणामों में मुख्यांचल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका एवं बालक दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग: मुख्यांचल 23, पूर्वांचल 10 और ऊर्ध्वंचल 7 स्वर्ण पदक।
बालक वर्ग: मुख्यांचल 24, पूर्वांचल 8 और ऊर्ध्वंचल 4 स्वर्ण पदक।
ओवरऑल चैंपियनशिप: मुख्यांचल 45, पूर्वांचल 18 और ऊर्ध्वंचल 7 स्वर्ण पदक।
इस प्रकार मुख्यांचल ने दोनों वर्गों में अपना परचम लहराते हुए संयुक्त चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
डीआईओएस ने की आयोजन की सराहना
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने मेजबान विद्यालय के प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों एवं शिक्षकों के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। आयोजक विद्यालय की ओर से अतिथियों एवं व्यायाम शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन अनिल कुमार एवं डॉ. अमर सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बहेराडोल ने किया। खेल प्रतिभाओं के सम्मान और 100 मीटर लंबी मानव शृंखला के जरिए राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए प्रतियोगिता का समापन हुआ। अभिलेखीय कार्य में रूपाली, कृपाशंकर तिवारी, रीता यादव और नंदकिशोर कन्नौजिया सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने योगदान दिया। निर्णायक मंडल में अंकित कुमार, लाल मुहम्मद, जगदम्बा प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों ने जिम्मेदारी निभाई।इस अवसर पर क्रीड़ा सचिव सुनील राव कमलेश यादव, संतोष सिंह, शोएब अहमद, ऋषिकेश पाठक, डॉ. चंद्रप्रकाश भारती, धनंजय वर्मा, राजेश कुमार, रेखा श्रीवास्तव और शैलेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!