– चार पशुपालकों की गाय-बैल मरे, परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट
सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झीलों में शुक्रवार की दोपहर अचानक मौसम बिगड़ने और बारिश के साथ गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आठ पशुओं की मौत हो गई। इनमें पांच गाय और तीन बैल शामिल हैं। इस घटना से चार पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है। पशुओं की मौत से उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर मौसम खराब होने के दौरान पशु पहाड़ी पर चर रहे थे। इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आठ पशुओं की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई। जिन परिवारों के पशुओं की मौत हुई है, उनके लिए यह बड़ा आर्थिक नुकसान है, क्योंकि पशुपालन ही उनकी आजीविका का प्रमुख सहारा था। घटना में रामनाथ बैगा पुत्र स्वर्गीय धनशाह का एक बैल और एक गाय, रामसुंदर बैगा पुत्र रामनाथ बैगा की दो गाय, हवाई लाल पुत्र छोटक बैगा की एक गाय और एक बैल तथा जईत लाल बैगा पुत्र बालको की एक गाय और एक बैल की मौत हुई है।घटना की सूचना स्थानीय लेखपाल और पशु चिकित्सक को दे दी गई है। संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। पीड़ित पशुपालकों को हुए नुकसान का आकलन किए जाने और नियमानुसार सहायता मिलने की उम्मीद है। आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना से प्रभावित पशुपालक सदमे में हैं। पशुओं की मौत से उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। अब पीड़ित परिवारों को प्रशासनिक जांच और नियमानुसार मुआवजे की उम्मीद है, ताकि उन्हें इस नुकसान से उबरने में कुछ राहत मिल सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









