– गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मनरेगा से होगी छोटी नहरों की सफाई
सोनभद्र। जिले में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और नहरों में जल प्रवाह सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नहरों एवं ड्रेनों की सिल्ट सफाई कराई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सफाई कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नहरों की सिल्ट सफाई निर्धारित रोस्टर और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कराई जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक नहरों एवं ड्रेनों की सफाई का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को खेतों की सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नहरों एवं ड्रेनों की समुचित सफाई होने से पानी का प्रवाह सुचारु रहेगा और जल निकासी में आने वाली बाधाओं को भी दूर करने में मदद मिलेगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सफाई कार्य की योजना तैयार कर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में नहरों, रजवाहों एवं ड्रेनों की सिल्ट सफाई की प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शासन की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार नहरों, रजवाहों और ड्रेनों की सफाई विभागीय बजट से कराई जाएगी, जबकि छोटी नहरों यानी अल्पिकाओं की सफाई मनरेगा के माध्यम से कराने का प्रावधान है। मनरेगा के अंतर्गत अल्पिकाओं की सफाई में मशीनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। यह कार्य जॉब कार्डधारकों के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य का क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। साथ ही सफाई कार्यों की निगरानी, पारदर्शिता और आवश्यक अभिलेखों का संधारण भी नियमानुसार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि में सफाई कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहरों की सफाई का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना और कृषि कार्यों में आने वाली समस्याओं को कम करना है। ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारी कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखें। बैठक में अधिशासी अभियंता, बंदी प्रखंड उमेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









