October 10, 2026 5:38 am

सपा जिला कार्यालय में मनाई गई कांशीराम की पुण्यतिथि

– अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

सोनभद्र। बहुजन आंदोलन के महान चिंतक एवं सामाजिक न्याय के प्रखर पैरोकार मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि शुक्रवार 9 अक्टूबर 2026 को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय सोनभद्र में मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन कर उनके संघर्षों, विचारों और सामाजिक परिवर्तन में योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में कांशीराम जी की भूमिका को याद करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि कांशीराम का मानना था कि जिस समाज का इतिहास भुला दिया जाता है, उस समाज का भविष्य कभी सुरक्षित नहीं होता। उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने तथा उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने के लिए समर्पित कर दिया। कांशीराम जी ने समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाने का काम किया। उनके संघर्षों ने बहुजन समाज में राजनीतिक चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।जिलाध्यक्ष ने कहा कि मान्यवर कांशीराम के संघर्षों और विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गरीबों वंचितों और जरूरतमंदों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को न्याय, सम्मान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी पार्टी लगातार प्रयासरत है। पार्टी की जिम्मेदारी है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। राम निहोर यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ संगठन को मजबूत करें तथा आगामी चुनाव में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा घोषित प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से ही पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी ऐसे महान चिंतक थे, जिन्होंने आदिवासियों सहित शोषित और वंचित समाज की आवाज को बुलंद करने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को जो राजनीतिक और सामाजिक पहचान मिल रही है, उसमें कांशीराम जी के संघर्षों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सदियों से उपेक्षित समुदायों को जागरूक करने और उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। सांसद ने कहा कि कांशीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान में निहित समानता, न्याय तथा अधिकारों की भावना को आगे बढ़ाने का काम किया। उनके प्रयासों से शोषित, वंचित और पीड़ित समाज के लोगों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी। आज जरूरत है कि उनके विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समानता और भाईचारे को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। समाजवादी कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सांसद ने भाजपा सरकार पर समाज के विभिन्न वर्गों के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समानता की स्थापना के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांशीराम के जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, अधिकार और विकास के समान अवसर मिलें। संगोष्ठी के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, त्रिपुरारी गौड़, सरदार पारब्रह्म सिंह, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, सुरेश यादव, अभय यादव, जेपी भारती, लालू भारती, रमेश कुमार बागी, पंडित कृष्णा शर्मा, सत्यम पांडेय, बचोले प्रसाद पटेल, गुलाम यासीन, मिथिलेश कुमार सिंह, धीरज पाठक, दीपक केसरी, विनीत सरोज सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!