October 10, 2026 5:38 am

विधान परिषद चुनाव: सोनभद्र में स्नातक के 21 और शिक्षक के 13 मतदेय स्थल निर्धारित

– जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अनुमोदन मिलने की दी जानकारी, स्नातक और शिक्षक मतदाता अपने निर्धारित केंद्रों पर कर सकेंगे मतदान

सोनभद्र। विधान परिषद के वाराणसी खण्ड स्नातक एवं वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जनपद में मतदेय स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा आयुक्त वाराणसी मंडल, वाराणसी/रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्देशों के अनुपालन में मतदेय स्थलों के प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया है। जिले में वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 21 तथा वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपने क्षेत्र के लिए निर्धारित मतदेय स्थल की जानकारी पहले से प्राप्त करने की अपील की है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। वाराणसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जनपद में निर्धारित मतदेय स्थलों में घोरावल एवं करमा के विकास खण्ड कार्यालय, राबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज तथा चुर्क स्थित जय ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा चतरा, नगवां, चोपन और कोन के विकास खण्ड कार्यालयों को भी मतदेय स्थल बनाया गया है।इसी क्रम में ओबरा इंटर कॉलेज, दुद्धी विकास खण्ड कार्यालय, बीजपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय, बभनी विकास खण्ड कार्यालय, रेनुकूट स्थित आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज, पिपरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, अनपरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज तथा बीना प्रोजेक्ट स्थित प्राथमिक पाठशाला को भी मतदेय स्थल निर्धारित किया गया है। इन केंद्रों के अंतर्गत संबंधित नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद तथा निर्धारित विकास खण्ड क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन मतदेय स्थलों पर केवल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पात्र मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। वहीं, वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद में कुल 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें घोरावल, करमा, राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, चोपन, ओबरा, कोन, दुद्धी, बभनी, रेनुकूट, अनपरा और बीना क्षेत्र के निर्धारित केंद्र शामिल हैं।इनके लिए संबंधित विकास खण्ड कार्यालयों के साथ राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, ओबरा इंटर कॉलेज, आदित्य बिरला इंटरमीडिएट कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज अनपरा तथा प्राथमिक पाठशाला बीना प्रोजेक्ट को मतदेय स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। इन केंद्रों के अंतर्गत संबंधित नगर पंचायतों, नगर पालिका परिषद तथा निर्धारित ग्रामीण एवं विकास खण्ड क्षेत्रों को सम्मिलित किया गया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्धारित मतदेय स्थलों पर केवल पात्र शिक्षक मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने मतदेय स्थलों के निर्धारण की जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान केंद्र संबंधित मतदाता वर्ग और निर्धारित क्षेत्र के अनुसार तय किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए केंद्र अलग-अलग निर्धारित हो सकते हैं। ऐसे में मतदाताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्र के अनुसार निर्धारित मतदेय स्थल की जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए, जिससे मतदान के समय उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!