– करही में दर्दनाक हादसा, मां दुर्गा की 17 प्रतिमाएं तैयार करने में जुटा था 24 वर्षीय संदीप विश्वकर्मा
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के करही में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय मूर्तिकार संदीप विश्वकर्मा की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नवरात्रि से पहले मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे युवा कलाकार की असमय मौत से परिजनों और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पहचान संदीप विश्वकर्मा पुत्र कांता विश्वकर्मा, निवासी पनीकप खुर्द, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। संदीप खलियारी बाजार से आगे मुख्य मार्ग पर ‘विश्वकर्मा मूर्ति कला केंद्र’ के नाम से अपनी दुकान संचालित करता था। वह एक कुशल मूर्तिकार था और कम उम्र में ही अपनी कलाकारी के दम पर क्षेत्र में अच्छी पहचान बना चुका था। जानकारी के अनुसार नवरात्रि पर्व नजदीक होने के कारण संदीप मां दुर्गा की 17 प्रतिमाओं को तैयार करने में जुटा था। सभी प्रतिमाओं को समय से पूरा कर संबंधित लोगों को सौंपना था। प्रतिमाओं को तैयार करने के बाद मिट्टी को सुखाने के लिए उसने डीजे वाहन का सहारा लिया था, जिसमें जनरेटर भी मौजूद था। बताया जाता है कि गुरुवार शाम अचानक बारिश होने लगी। बारिश से बचाने के लिए संदीप डीजे वाहन को तिरपाल से ढकने के उद्देश्य से ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में वह आ गया। करंट लगते ही उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने प्रयास कर संदीप को नीचे उतारा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैनी पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवा मूर्तिकार की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त हो गया। नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व से ठीक पहले एक प्रतिभाशाली कलाकार की मौत ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस संदीप के हाथों से मां दुर्गा की प्रतिमाएं आकार ले रही थीं, उसी के असमय चले जाने से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। खबर लिखे जाने तक घटना की सूचना रायपुर थाना पुलिस को दे दी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है।
Author: Pramod Gupta
Hello









