सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के केवाल गांव निवासी करीब 34 वर्षीय नीतीश कुमार उर्फ बाटा पुत्र ललित तिवारी की मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब साढ़े सात बजे उसका शव ग्राम पंचायत चेरवाडीह में मुख्य मार्ग पर उसकी बहन के घर के सामने पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता ललित तिवारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चेरवाडीह गांव में कुछ युवकों से उनके पुत्र का विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद उनकी भांजी के कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़ा था और मामला थाने तक पहुंचा था। बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया था।परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते नीतीश की हत्या कर शव को सड़क पर रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया हो सकता है। परिजनों के अनुसार शव के सिर और आंख के ऊपर चोट व कटने के निशान मिले हैं। उन्होंने चोटों को धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, चोटों की वास्तविक प्रकृति और मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने परिजनों द्वारा संदेह जताए गए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Author: Pramod Gupta
Hello









