– समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा, ग्रामीणों ने जताया विरोध
सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग पर अंजानी स्कूल के समीप सुखदेव यादव के घर के सामने बनी पुरानी पुलिया भारी वाहनों के लगातार आवागमन के चलते धंस गई है। पुलिया के धंसने से मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते संबंधित विभाग द्वारा पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त पुलिया कई दशकों पुरानी है और लंबे समय से इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन जारी है। वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते पुलिया का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का दावा है कि धंसी पुलिया के समीप आए दिन दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीण रविन्द्र, सुखदेव, सोमारू और हीरामन ने बताया कि रेणुकूट-बीजपुर मुख्य मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है और इस पर लगातार छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराए जाने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मौके पर विरोध जताते हुए संबंधित विभाग से पुलिया का जल्द से जल्द निर्माण/मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पुलिया को दुरुस्त नहीं कराया गया तो बरसात अथवा भारी वाहनों के दबाव में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









