– पीएम सूर्य घर योजना और फैमिली आईडी की प्रगति पर विशेष जोर, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारी को योजना की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके। इसी क्रम में फैमिली आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने फैमिली आईडी तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पात्र परिवारों को अधिक से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी संबंधित अधिकारी नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









