– बकरीहवा-बीजपुर व शक्तिनगर मार्ग की खराब स्थिति से कराया अवगत, गड्ढों को जल्द भरने का दिया भरोसा
सोनभद्र। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के मंत्री एवं सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रविवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के म्योरपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री सबसे पहले म्योरपुर कस्बा स्थित भाजपा नेता सुजीत अग्रहरि के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने सुजीत अग्रहरि के बड़े भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वह भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल के आवास पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़ ने क्षेत्र की सड़क समस्याओं को प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बकरीहवा-बीजपुर मार्ग की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही शक्तिनगर की ओर जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा गया। स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम कराने की मांग की। इस पर प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सड़क मार्गों पर जगह-जगह हुए गड्ढों को सरकार की योजनाओं के अनुसार जल्द भरने का काम कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्रीय विकास, सड़क व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्र की स्थिति से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा नेता श्रवण गोंड़, जिला पंचायत सदस्य सुषमा गोंड़, शारदा खरवार, गणेश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष रणजीत पनिका, मोहरलाल खरवार, मोनू जायसवाल, बर्फीलाल, कनकलता समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









