सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से महिला थाना रॉबर्ट्सगंज में काउंसलिंग एवं समझौता प्रक्रिया आयोजित की गई। महिला थाना प्रभारी रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्षता में आयोजित सुनवाई के दौरान कुल चार प्रकरण प्राप्त हुए।सभी प्रकरणों में संबंधित दोनों पक्षों को थाना पर उपस्थित कराकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इसके बाद काउंसलिंग एवं आपसी संवाद के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया। विस्तृत सुनवाई और परामर्श के उपरांत तीन प्रकरणों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति कायम कराते हुए सुलह-समझौता कराया गया। समझौते के बाद संबंधित परिवारों में पुनः सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित होने की बात कही गई। वहीं, एक प्रकरण में आवश्यक काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों को अग्रिम तिथि प्रदान की गई, ताकि मामले में आगे की सुनवाई एवं आवश्यक कार्रवाई की जा सके। महिला थाना रॉबर्ट्सगंज द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण एवं प्रभावी समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों में आपसी सौहार्द कायम करना तथा महिलाओं को सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









