सोनभद्र। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे ‘आशु’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ौली चौराहे पर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और राहगीरों व उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आराधना मिश्रा ‘मोना’, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थन में भी नारेबाजी करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त आलोक प्रसाद एवं देवेंद्र निषाद को भी बधाई दी। वहीं नवनियुक्त विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी को भी शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन में समय-समय पर बदलाव होते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पार्टी को मजबूत करने की होती है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे ‘आशु’ ने कहा कि संगठन में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस संगठन और राजनीति से जुड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ पूर्व में विधानमंडल दल की नेता भी रह चुकी हैं तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की पुत्री हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पुराने राजनीतिक परिवार से आने के कारण उन्हें संगठन और कार्यकर्ताओं की अच्छी समझ है। आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस से कई बड़े राजनीतिक चेहरे जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भविष्य मजबूत है और आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने कहा कि आज नौजवान, किसान, व्यापारी, मजदूर, दलित, आदिवासी, महिलाएं और बेरोजगार सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग अपनी समस्याओं को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की संभावना है। आशु दुबे ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है, लेकिन अब पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाना और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और नवनियुक्त पदाधिकारियों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष एचपी सिंह यादव, पूर्व महासचिव दीपू पांडेय, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, जिला महासचिव दयाराम प्रजापति, राष्ट्रीय संगठन के जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता, अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राव, शहर अध्यक्ष सुशील राव, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राहुल जैन, देवांश केसरी, रोहित भारती, इंजीनियर सुधाकर भारती, मिथिलेश शर्मा, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अनिल बीयार, देवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









