सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छात्रवृत्ति वितरण समारोह के अवसर पर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र एवं धनराशि हस्तांतरण कार्यक्रम का शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जिसका सोनभद्र में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने सजीव प्रसारण के माध्यम से अवलोकन किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दूबे, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल देव पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भदौरिया, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र देव पाण्डेय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा त्योहार से पूर्व ही छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति वितरण का प्रथम चरण है और मार्च तक विभिन्न चरणों में पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और वह अपनी शिक्षा निरंतर जारी रख सके। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक स्तर पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विधायक ने कहा कि जनपद के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। अटल आवासीय विद्यालय के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों को निःशुल्क बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने के साथ ही उनके भविष्य को नई दिशा मिल रही है। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को जारी रखने में मदद करना, विद्यालय छोड़ने वाले छात्रों की संख्या को कम करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में सभी पात्र विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के मूल निवासी पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता के अनुसार दिया जाता है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं योजना से लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से उनकी शिक्षा और छात्रवृत्ति से संबंधित जानकारी भी ली। छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने कहा कि छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक कारणों से किसी भी पात्र विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न होने देना है। अंत में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य सम्मानित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









