– देर रात करीब एक बजे तक चला रेस्क्यू अभियान, कोटा बांध क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ा गया
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के डाला वन रेंज अंतर्गत हाइडिल कॉलोनी में शुक्रवार की मध्य रात्रि उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी क्षेत्र में एक विशालकाय मगरमच्छ पहुंच गया। मगरमच्छ को अजय गोंड़ के घर के पास देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। विशालकाय मगरमच्छ को काबू में करना वनकर्मियों के लिए आसान नहीं था। टीम ने काफी मशक्कत और सावधानी के बाद देर रात मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सोन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ बहकर आबादी क्षेत्र तक पहुंचा होगा। हालांकि, वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को कोटा स्थित बांध क्षेत्र में ले गई, जहां उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। बताया गया कि मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई देर रात करीब एक बजे तक चलती रही। वन विभाग की तत्परता से मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने के बाद हाइडिल कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली। आबादी के बीच मगरमच्छ के पहुंचने की घटना को लेकर देर रात तक क्षेत्र में चर्चा बनी रही।
Author: Pramod Gupta
Hello









