सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर 2 अक्टूबर को सोनभद्र पुलिस द्वारा विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों का स्मरण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बने। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ देश की सेवा करते हुए सादगीपूर्ण जीवन और उत्कृष्ट नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सत्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मानवीय मूल्यों एवं ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को कार्यस्थल और व्यक्तिगत जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस दौरान फालोवर एवं सफाईकर्मियों को कंबल भी वितरित किए गए। गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों में भी पुलिसकर्मियों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रमों के दौरान दोनों महापुरुषों के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









