October 5, 2026 1:27 pm

गांधी जयंती पर डीएम ने दिलाया स्वच्छता और जनसेवा का संकल्प

– कलेक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री को नमन, रामधुन का सामूहिक गायन; सात क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषाहार पोटली

सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों को स्मरण किया।

सामूहिक रूप से गाई गई रामधुन

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी की प्रिय रामधुन “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” का सामूहिक गायन किया गया। रामधुन के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा और शांति के संदेश को याद किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए कठिन संघर्ष किया। गांधी जी का जीवन संघर्ष, त्याग, सत्य और मानवता के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के संघर्ष, विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करें।

स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में स्वच्छता को विशेष महत्व दिया। गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यस्थल की स्वच्छता को प्राथमिकता देने और नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार एवं आदर्श आज भी पूरी दुनिया को सामाजिक न्याय, अहिंसा, शांति और मानवता का संदेश दे रहे हैं। उनके विचारों और शिक्षाओं ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा देने के साथ ही विश्व स्तर पर शांति और अहिंसा के लिए प्रेरणा प्रदान की।

अधिकारियों ने गांधी और शास्त्री के जीवन पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट आकांक्षा गौतम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और आदर्श वर्तमान समय में भी समाज एवं राष्ट्र को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को अपने कार्य एवं आचरण में उतारने पर जोर दिया।

सात क्षय रोगियों को बांटी गई पोषाहार पोटली

गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के चिन्हित सात क्षय रोगियों को पोषाहार पोटली का वितरण भी किया। पोषाहार पोटली प्राप्त करने वालों में जितेन्द्र कुमार सिंह, सुरेन्द्र नाथ, रीता देवी, रामाशंकर विश्वकर्मा, कन्हैया यादव, शान्ति देवी एवं किरन देवी शामिल रहीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षय रोग उन्मूलन के लिए जनसहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की भावना के साथ कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट आकांक्षा गौतम, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन न्याय सहायक सुरेश पाठक ने किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!