सोनभद्र। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधिकारी लगातार प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक ने क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा सहित पर्याप्त पुलिस बल के साथ राबर्ट्सगंज कस्बे में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा के लिए लगाए जा रहे पंडालों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और मुख्य चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। पैदल गश्त के दौरान एएसपी ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान हुड़दंग, अराजकता अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही मेविस टॉक ने दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों से भी संवाद कर सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा। पुलिस की ओर से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही गई।
Author: Pramod Gupta
Hello









