सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन का उत्सव/आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 25, 26, 27 व 30 सितंबर तथा 6 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा बहुओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। साथ ही पिछले 25 वर्षों में महिला एवं बाल विकास से संबंधित नीतियों से आए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। पोषाहार से तैयार होने वाले व्यंजनों, उनकी विधि, पोषाहार में मौजूद पोषक तत्वों और उसकी गुणवत्ता के बारे में लाभार्थियों एवं आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित कर बच्चों को कॉमिक बुक, पौष्टिक फल एवं मिठाई वितरित की जाएगी। अतिरिक्त पोषाहार एवं अन्य सामग्री का भी वितरण किया जाएगा।जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 26 सितंबर को जनपद के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित फोटोग्राफ, रील्स एवं 1 से 3 मिनट की वीडियो क्लिप निर्धारित लिंक पर अपलोड की जा रही हैं तथा गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट भी संकलित की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









