– भूमि विवाद व राजस्व संबंधी मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना घोरावल में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। अधिकारियों ने फरियादियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि विवाद सहित अन्य मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Author: Pramod Gupta
Hello









