November 25, 2026 6:17 am

सोनभद्र में 24 नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू, बिना अनुमति सभा-जुलूस पर रोक

सोनभद्र। आगामी पर्व-त्योहारों, प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं तथा विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163(2) के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह निषेधाज्ञा 25 सितंबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों और विभिन्न आयोजनों के दौरान अवांछित तत्वों द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। साथ ही प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं के दौरान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना भी आवश्यक है।

बिना अनुमति सभा, जुलूस और धरना-प्रदर्शन पर रोक

निषेधाज्ञा के दौरान जिला मजिस्ट्रेट, अपर जिला मजिस्ट्रेट अथवा संबंधित उप जिलाधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी व्यक्ति या समूह द्वारा सभा, धरना-प्रदर्शन अथवा जुलूस आयोजित नहीं किया जा सकेगा। धार्मिक मेले, बारात और शव यात्राओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।

हथियार और ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध

सार्वजनिक स्थानों पर अस्त्र-शस्त्र, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक अथवा ज्वलनशील सामग्री लेकर चलने या उसे एकत्र करने पर रोक रहेगी। जुलूस, सभा एवं रैलियों में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

भड़काऊ प्रचार और अफवाहों पर निगरानी

पोस्टर, पंपलेट, पर्चे, सोशल मीडिया अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से ऐसा प्रचार या नारेबाजी नहीं की जा सकेगी, जिससे किसी वर्ग, जाति या समुदाय में तनाव उत्पन्न होने की संभावना हो। फेसबुक, व्हाट्सएप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों पर झूठी, भ्रामक, उत्तेजनात्मक और अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन को भी अपने ग्रुप में ऐसी सामग्री के प्रसार को रोकने और किसी सदस्य द्वारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

बाजार, रेलवे-बस स्टेशन पर रहेगी विशेष सतर्कता

मदिरा की दुकानों एवं बार के आसपास पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था के साथ अराजक, असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखी जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर भी आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जाम लगाने और सरकारी कार्य में बाधा पर रोक

किसी व्यक्ति या समूह द्वारा यातायात बाधित करने अथवा जाम लगाने की अनुमति नहीं होगी। सरकारी अथवा गैर-सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर जाने से रोकना भी प्रतिबंधित रहेगा। सार्वजनिक स्थानों एवं दीवारों पर आपत्तिजनक पोस्टर लगाने तथा तनाव उत्पन्न करने वाले पर्चे-पंपलेट वितरित करने पर भी रोक रहेगी।

पुतला दहन समेत आपत्तिजनक प्रदर्शन प्रतिबंधित

किसी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी द्वारा दूसरे राजनीतिक दलों के सदस्यों अथवा नेताओं के पुतले लेकर चलने, सार्वजनिक स्थान पर पुतला दहन करने तथा इस प्रकार के अन्य प्रदर्शनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निषेधाज्ञा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा आगामी पर्व-त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!