– दुद्धी से रेस्क्यू की गई बच्ची का वन स्टॉप सेंटर एवं दत्तक ग्रहण इकाई में डीएम ने किया नामकरण
सोनभद्र। कभी-कभी एक नाम महज पहचान नहीं होता, बल्कि किसी के जीवन में नई उम्मीद और नई शुरुआत का प्रतीक बन जाता है। दुद्धी क्षेत्र से रेस्क्यू की गई महज आठ दिन की नवजात बच्ची के लिए शुक्रवार का दिन भी कुछ ऐसा ही रहा। वन स्टॉप सेंटर एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नन्ही बच्ची का नामकरण करते हुए उसे ‘कीर्ति’ नाम दिया। बच्ची को मिली इस नई पहचान के दौरान माहौल भावुक हो उठा। शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ वन स्टॉप सेंटर एवं दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, बच्चों की देखभाल तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। दत्तक ग्रहण इकाई में वर्तमान में दो नवजात बच्चे आवासित मिले। इनमें गौरी जनवरी 2026 से इकाई में रह रही है, जबकि दुद्धी क्षेत्र से करीब छह दिन पूर्व रेस्क्यू की गई लगभग आठ दिन की नवजात बच्ची को भी यहां सुरक्षित रखा गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी भी मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने नन्ही बच्ची का नामकरण करते हुए उसे ‘कीर्ति’ नाम दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रशासन का उद्देश्य केवल बच्चों को आश्रय उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, अपनापन और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों की जरूरतों और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
‘कीर्ति’ के लिए भवन में लगेगा सोलर सिस्टम, बनेगा किचन गार्डन
नवजात ‘कीर्ति’ समेत दत्तक ग्रहण इकाई में रह रहे बच्चों के लिए प्रशासन ने परिसर को और बेहतर बनाने की दिशा में भी पहल की है। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने भवन में सोलर सिस्टम, किचन गार्डन तथा परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य सीएसआर के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। वहीं कार्यदायी संस्था डूडा को भवन में आवश्यक मरम्मत एवं अधूरे कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों और यहां आने वाली महिलाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वन स्टॉप सेंटर में केंद्र प्रशासक सहित कुल 12 कार्मिक कार्यरत हैं। इनमें सात कार्मिक मौके पर उपस्थित मिले, जबकि अन्य शिफ्टवार ड्यूटी पर तैनात पाए गए। इसी प्रकार दत्तक ग्रहण इकाई में अधीक्षिका सहित कुल 10 कार्मिक कार्यरत हैं, जिनमें चार मौके पर उपस्थित मिले और शेष शिफ्टवार ड्यूटी कर रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक महिला आरक्षी भी तैनात है। नन्ही ‘कीर्ति’ के लिए किया गया यह नामकरण महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उसके सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य की दिशा में उठाया गया संवेदनशील कदम है। इस पहल के माध्यम से यह संदेश भी सामने आया कि संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को केवल आश्रय उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षा, स्नेह, सम्मान और बेहतर बचपन उपलब्ध कराना भी व्यवस्था की जिम्मेदारी है। इस मौके पर प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक दीपिका सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









