September 26, 2026 4:30 am

एसडीएम न्यायालय की जर्जर छत भरभराकर गिरी, टली बड़ी अनहोनी

सोनभद्र (पिपरी) नगर पंचायत पिपरी स्थित उप जिलाधिकारी दुद्धी के न्यायालय कक्ष की जर्जर छत गुरुवार को अचानक भरभराकर गिर गई। छत में लगी भारी लकड़ी की बल्ली और शीट टूटकर न्यायालय की मुख्य मेज पर जा गिरी। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय न्यायालय कक्ष में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद न्यायालय भवन की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। इससे यहां आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिपरी स्थित इस न्यायालय में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक कोर्ट का संचालन किया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में वादकारी, अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी न्यायालय परिसर में मौजूद रहते हैं। ऐसे में साप्ताहिक कोर्ट से ठीक एक दिन पहले छत का हिस्सा गिरने की घटना ने चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि छत का हिस्सा न्यायिक कार्य के दौरान गिरता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। न्यायालय भवन की जर्जर हालत को देखते हुए समय रहते इसकी मरम्मत कराया जाना जरूरी है। बताया गया कि न्यायालय भवन की दयनीय स्थिति के संबंध में कार्यालय उप जिलाधिकारी, दुद्धी की ओर से पूर्व में ही संबंधित स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। इसमें भवन के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की मांग के साथ सीएसआर निधि के माध्यम से न्यायालय संचालन कक्ष, पीठासीन अधिकारी कक्ष, अभिलेख कक्ष तथा जनसामान्य एवं महिलाओं के लिए शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। छत गिरने की घटना के बाद भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं ने तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि न्यायिक कार्य में आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा न्यायिक कार्य के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी संभावित अनहोनी को रोका जा सके और न्यायिक कार्य भी सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!