September 26, 2026 4:31 am

49.20 ग्राम हेरोइन के साथ बाराबंकी का तस्कर गिरफ्तार

– चोपन पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत चोपन पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।24 सितंबर 2026 को थाना चोपन पुलिस वांछित अभियुक्तों की तलाश में पतारसी-सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मु0अ0सं0 319/2026 में वांछित अभियुक्त मो0 अफजाल हेरोइन लेकर ट्रेन के माध्यम से सोनभद्र आया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसका पीछा शुरू किया। डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर छिपने और भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मो0 अफजाल पुत्र मो0 इकबाल, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और एक स्क्रीनटच ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना चोपन में मु0अ0सं0 373/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

सोनभद्र में सप्लाई करने आया था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व से हेरोइन की सप्लाई का काम करता है और सोनभद्र के कुछ लोगों को हेरोइन की आपूर्ति करने के लिए आया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर अपने स्तर पर उसे तैयार करता है और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्तर से भी मादक पदार्थ प्राप्त कर सप्लाई करता है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े लोगों को चिन्हित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अफजाल के खिलाफ बाराबंकी और अन्य जिलों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मुकदमे शामिल हैं। उसके खिलाफ थाना सफदरगंज, जैदपुर, सतरीखा और रौनाही में मामले दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा थाना चोपन में दर्ज मु0अ0सं0 319/2026 से जुड़े पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास पुलिस ने जारी किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में सुधीर कुमार उर्फ छोटू, धर्मवीर, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार, दीपक साहू, हाशिम उर्फ चिक्की, अकरम कुरैशी, सुनीता देवी, शेरू उर्फ असलम हुसैन और अफजाल के नाम सामने आए हैं। इनमें कई आरोपियों के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, डाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल पप्पू यादव, रजवान यादव, वीरेन्द्र सरोज, राजेश यादव, शिवशरण बिन्द, कांस्टेबल मन्टू सिंह और गोविन्द कुमार शामिल रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!