– शाहगंज पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, कंटेनर के विशेष केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था 6.25 क्विंटल गांजा
सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा छह पहिया कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई। 23/24 सितंबर 2026 की रात शाहगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा को सूचना मिली कि ग्राम जैत से पहले एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर शाहगंज की ओर भाग गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर से आगे पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर कंटेनर चालक ने पुलिया से पहले ही वाहन रोक दिया और उसमें सवार दोनों लोग वाहन से उतरकर भागने लगे। इसी दौरान पीछे से एसओजी प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नहर के भीटे की ओर भाग रहे दोनों व्यक्तियों को करीब 3:05 बजे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलीप कुमार देहुरी (36) निवासी सरखिया थाना ढेनकनाल सदर जनपद ढेनकनाल ओडिशा और संतोष कुमार साहू (42) निवासी महुलपाल थाना भुबन जनपद ढेनकनाल ओडिशा बताया।पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो पीछे से उसका ढाला खाली दिखाई दिया। हालांकि, वाहन के आगे की ओर लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर विशेष केबिन तैयार किया गया था। पुलिस के अनुसार, दिलीप कुमार देहुरी की निशानदेही पर इस विशेष केबिन को खुलवाया गया, जहां से कुल 625 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा के कटक निवासी एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन का काम करते हैं। उसी व्यक्ति ने कंटेनर में विशेष केबिन तैयार कराकर उसमें गांजा लोड कराया था। पुलिस के मुताबिक, गांजे की खेप को मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।बरामदगी के आधार पर थाना शाहगंज में मु0अ0सं0-101/2026, धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर को धारा 60 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका और अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में 6 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजा, करीब 20 लाख रुपये कीमत का टाटा छह पहिया कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, शाहगंज थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार सिंह, रितेश पटेल, लालजी यादव तथा कांस्टेबल अजीत यादव, शिवम मौर्या और जय प्रकाश सरोज शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









