September 26, 2026 5:03 am

सोनभद्र में 24 से 26 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी

सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की ओर से 24 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर सोनभद्र में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि गहन अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में 24 से 27 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। विशेष रूप से 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ तेज सतही हवाएं और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र में 24 सितंबर से 25 सितंबर की सुबह तक भारी वर्षा, तेज झोंकेदार हवाओं तथा मेघगर्जन-वज्रपात की संभावना है। वहीं 25 से 26 सितंबर के दौरान भी भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के झोंके चलने की आशंका जताई गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नदी, नाले, झरने, जलाशय, बांध, खनन क्षेत्र, निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें। मौसमी जलधाराओं और जलमग्न मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा विद्युत प्रवाह वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें और किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान खिड़की-दरवाजे बंद रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदियों, नालों और जलाशयों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। मौसमी नालों एवं जलधाराओं पर बने छोटे पुलों और सड़कों पर पानी का बहाव बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों से जल प्रवाह वाले स्थानों को पार नहीं करने की अपील की गई है। सड़क पर दृश्यता कम होने और फिसलन बढ़ने की स्थिति में वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है। साथ ही जलमग्न सड़कों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों से वाहन निकालने का प्रयास न करने को कहा गया है। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से नदी, नाले, झरने और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!