September 26, 2026 5:02 am

सोनभद्र-चुनार रेलखंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

सोनभद्र। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज-चुनार-चोपन रेलखंड का निरीक्षण कर रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलपथ, ओएचई, सिग्नलिंग व्यवस्था, पुल-पुलियों, लेवल क्रॉसिंग तथा परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेल संरक्षा और अनुरक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने चुर्क, सोनभद्र, सक्तेशगढ़ और चुनार स्टेशनों पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। सोनभद्र स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यात्रियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।सक्तेशगढ़ स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के पुराने भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भवन की आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य कर उसे उपयोग के योग्य बनाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी क्रम में चुनार स्टेशन पर निर्माणाधीन 6 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज की प्रगति की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने गर्डर लॉन्चिंग से संबंधित तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए चुनार स्टेशन पर प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था विकसित करने के विकल्प तलाशने को भी कहा। महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 के बीच फेंसिंग की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्टेशन विकास और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, रेल संरक्षा और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे की आधारभूत संरचना को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!