तेज रफ्तार का कहर,सडक किनारे पैदल जारहे दो भाइयों को बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर,हास्पिटल पहुंचने से पहले एक की मौत,दूसरा घायल आरोपी फरार
सोनभद्र ।बभनी (नरेश गुप्ता) थाना क्षेत्र के असनहर गांव में बुधवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सड़क किनारे पैदल जा रहे दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक भाई की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, असनहर गांव निवासी दिनकर कुशवाहा पुत्र सूरजलाल कुशवाहा और उनके भाई दिवाकर कुशवाहा बुधवार शाम करीब 6:15 बजे घर के समीप सड़क की पटरी पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दिनकर के छाती, चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं।टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दिनकर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।परिजन दिनकर को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।बताया जा रहा है कि दिनकर सामाजिक और होनहार युवक था। उसके पीछे परिवार और तीन बेटियां हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने शव को घर लाने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी और फरार बाइक सवार की तलाश कर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी हुई है।









