सोनभद्र। करमा महोत्सव के अवसर पर ओबरा क्षेत्र के पनारी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी कैमूर वन्यजीव विहार आरुषि मिश्रा एवं ब्लॉक प्रमुख चोपन लीला सिंह गौड़ ने करमा देवता की विधिवत पूजा-अर्चना कर जनजातीय परंपरा एवं संस्कृति को नमन किया। पूजा-अर्चना के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनजातीय समाज के कलाकारों ने करमा गीत, सैलानी, डोमचकित सहित विभिन्न लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध छटा देखने को मिली। इस दौरान समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मांदर पर थाप लगाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी एवं ब्लॉक प्रमुख ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। जनजातीय समाज के लोगों ने अतिथियों को पलास के पत्तों से बनी पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
करमा महोत्सव जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक: मंत्री
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि करमा महोत्सव जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह लंबे समय से जनजातीय समाज के सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षक रहीं और इनके माध्यम से नशामुक्ति तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
नशे से दूर रहें, बच्चों को शिक्षा से जोड़ें: डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनजातीय समाज के लोगों से अपील की कि करमा महोत्सव के अवसर पर नशे से दूर रहने का संकल्प लें और बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज की प्रगति का मजबूत आधार है। डीएम ने बताया कि जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। विद्यालयों में भवन, अतिरिक्त कक्ष और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्य शीघ्र कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।इस अवसर पर आनंद जी, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, विमल सिंह सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









