सोनभद्र। बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय सोनभद्र पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि जनपद में लगातार बिजली कटौती से आमजन, किसान और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र को ऊर्जांचल की राजधानी के रूप में जाना जाता है। जनपद में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के लोग प्रदूषण का दंश झेल रहे हैं, जबकि बिजली की बेहतर आपूर्ति दूसरे क्षेत्रों में होने की बात सामने आती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर मूलभूत सुविधाओं को लेकर अब आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, संजय बियार, भोलू गुप्ता, विजय चौहान, दिनेश चेरो, बिंदू खरवार, विनय पासवान, सुमंत बिंद, हरिवंत बियार, रोहित मौर्या, अजय पटेल सहित सैकड़ों नौजवान मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









