सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत थाना चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 क्विंटल 34 किलो अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी ब्रेजा, तीन मोबाइल फोन और 1,210 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 62 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को चोपन पुलिस की टीम प्रीतनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी से सूचना मिली कि हाथीनाला टोल प्लाजा की ओर से एक संदिग्ध ब्रेजा वाहन डाला-रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा है। सूचना पर बग्धानाला पुल और डाला क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की गई। ओबरा जाने वाली पुलिया की सर्विस लेन पर संदिग्ध वाहन को करीब 16:25 बजे रोक लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर आगे और पिछली सीट के बीच खाली स्थान तथा डिग्गी में रखे चार बोरों से 93 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 1 क्विंटल 34 किलो गांजा पाया गया। पुलिस ने मामले में मुकुंद यादव (24), रोहित सिदार (23), दोनों निवासी रायगढ़, छत्तीसगढ़ तथा आशीष मौर्या (19), निवासी हलिया, मीरजापुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना चोपन में मु0अ0सं0 370/2026, धारा 8/20/270/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
ओडिशा से गांजा लाकर अम्बिकापुर में वाहन में लोड कराया
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा से मंगवाकर अम्बिकापुर में वाहन में लोड कराया गया था। इसके बाद इसे सोनभद्र के रास्ते मीरजापुर जनपद के संतनगर थाना क्षेत्र के नवढ़िया निवासी एक व्यक्ति को पहुंचाया जाना था। पुलिस जांच में गांजा खरीदने वाले व्यक्ति द्वारा अलग-अलग तिथियों में फोन-पे के माध्यम से रकम भेजे जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी सहित चोपन थाना पुलिस के अन्य कर्मी तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह, कांस्टेबल अजीत यादव, अजीत कुमार और रितेश पटेल शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









