सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा के सोनभद्र आगमन पर कार्यकर्ताओं ने मधुपुर एवं हिंदुआरी में जोरदार स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष सिंचाई विभाग के डाक बंगले पहुंचे, जहां उन्होंने किसान मसीहा एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विजयगढ़ वाटिका में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा रहे। प्रयाग क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुपम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा किसान, मजदूर और आमजन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को बागपत और सहारनपुर की तरह मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से जुटना होगा, ताकि सोनभद्र से भी पार्टी का जनप्रतिनिधि निर्वाचित हो सके। उन्होंने किसानों और आदिवासी समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही। क्षेत्रीय अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने जिले में संगठन की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। भदोही जिलाध्यक्ष सुनील पटेल एवं गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष रवि चौबे ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष शांति वर्मा एवं जिलाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ प्रशांत विष्णु सिंह ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं जिला संगठन महासचिव धीरज चौबे ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रमेश दुबे, सोनभद्र बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बंशीधर पांडेय, रिंकू अग्रहरि, ओम प्रकाश तिवारी, मनोज सिंह, आजाद राय, अवधेश सिंह, तेजबहादुर पटेल, आनंद तिवारी, सुधीर पांडेय, उदय प्रकाश पटेल, इबरार अली, सूरज चौबे, मुरली चौहान, ओमप्रकाश भारती, सुनील गुप्ता, दामोदर यादव एवं बाबूंदर यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









