सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज वार्ड-08 निवासी सुधा देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोस के लोगों पर जमीन और यूरिया की दुकान को लेकर विवाद, मारपीट, धमकी तथा घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में अनपरा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, सुधा देवी अपने पति और बच्चों के साथ डिबुलगंज में निजी जमीन पर मकान बनाकर रहती हैं। उनके पति सेना में हैं। बच्चों की देखभाल के लिए उन्होंने अपने बड़े भाई रामानंद सहनी को बुलाया था और पति द्वारा जमीन पर यूरिया की दुकान संचालित की जा रही थी। आरोप है कि पड़ोसी चन्द्रभान मौर्या ने दुकान को लेकर विवाद शुरू किया और कथित तौर पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि 12 सितंबर को यूरिया की दुकान को लेकर विवाद बढ़ने पर उन्होंने 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चेतावनी दी। आरोप है कि 14 सितंबर को ऋतुराज मौर्या और चन्द्रभान मौर्या द्वारा चार लोगों के माध्यम से जमीन बेचकर वहां से चले जाने की धमकी दिलाई गई।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 सितंबर को ऋतुराज मौर्या, चन्द्रभान मौर्या, सावित्री देवी तथा 3-4 अज्ञात लोग कथित रूप से हथियार लेकर घर में घुस आए और महिला व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि उसे घर से घसीटकर सड़क पर लाया गया तथा कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया। साथ ही मंगलसूत्र और दुकान से सामान लूटने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के अनुसार, राहगीरों के हस्तक्षेप से परिवार के लोगों की जान बच सकी। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद विपक्षी पक्ष पहले थाने पहुंच गया। शिकायत करने पर अनपरा थाना प्रभारी पर सुनवाई न करने और उसके तथा उसके भाई के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। महिला के मुताबिक, उसके भाई के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई, जबकि उनकी ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों में मेडिकल भी नहीं कराया गया।प्रार्थिनी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विपक्षीगण के साथ-साथ थाना प्रभारी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। महिला का कहना है कि उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं और उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









