सोनभद्र। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जनपद के जयंत स्थित कंचन ज्वैलर्स में हुई डकैती के मामले में सोनभद्र पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, ₹50 हजार नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों पर कंचन ज्वैलर्स के टैग लगे मिले हैं। 17 सितंबर की शाम छह हथियारबंद बदमाश बजरंग कॉम्प्लेक्स, जयंत स्थित कंचन ज्वैलर्स में पहुंचे थे। बदमाशों ने दुकान संचालक और वहां मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर मोबाइल फोन छीने तथा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें दुकान संचालक के सिर में छर्रे लगे, जबकि एक अन्य व्यक्ति की कलाई में गोली लगी। वारदात के बाद सभी बदमाश मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग शुरू की गई। 18 सितंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि डकैती में शामिल दो बदमाश अपाचे मोटरसाइकिल से पिपरी की ओर आने वाले हैं। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में अनपरा, शक्तिनगर, पिपरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बेलवादह पिकनिक स्पॉट मोड़ के आसपास डी-प्लांट रोड, डिबुलगंज में चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद अपाचे सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों पिपरी की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की गई। इसमें रोशन कुमार स्वीपर पुत्र विजय राम, निवासी शक्तिनगर, उम्र करीब 25 वर्ष, पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे करीब 05:12 बजे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि उसका साथी राहुल स्वीपर निवासी स्वीपर बस्ती, अनपरा जंगल की ओर भाग निकला। पूछताछ में रोशन ने बताया कि वह छह साथियों के साथ दो अपाचे मोटरसाइकिलों से जयंत पहुंचा था और सभी ने मिलकर ज्वैलर्स की दुकान में डकैती की थी। आरोपी ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलें पूर्व में लूटी गई थीं। उसके हिस्से में आए ₹50 हजार नकद और सोने के आभूषण पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं। बरामदगी: 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो खोखा कारतूस, सोने का टॉप्स, कान का सुई-धागा, ईयर रिंग, मंगलसूत्र का लॉकेट, की-पैड मोबाइल, बिना नंबर की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल और ₹50 हजार नकद। इस संबंध में थाना अनपरा में मु0अ0सं0-191/2026 के तहत धारा 109, 317(3) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी बताया है, जिसमें शक्तिनगर, भवनाथपुर और रंका के मामलों के साथ गैंगस्टर एक्ट का मामला शामिल है। कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव थाना अनपरा, प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय थाना शक्तिनगर, प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा एसओजी सोनभद्र तथा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे थाना पिपरी अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









