सोनभद्र। कोतवाली रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के चौकी कस्बा स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में सोमवार शाम पूजा-अर्चना करने पहुंची महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार कर्मा निवासी एवं वर्तमान में राज पैलेस के पास रहने वाली बबिता पाण्डेय पत्नी अरविंद पाण्डेय सोमवार शाम रामजानकी मंदिर में पूजा करने पहुंची थीं। इसी दौरान मंदिर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर अथवा उचक्के ने उनके गले से करीब चार भरी का सोने का मंगलसूत्र कथित रूप से पार कर दिया।मंगलसूत्र चोरी होने की जानकारी मिलते ही महिला परेशान होकर रोने लगीं। इसके बाद उन्होंने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पीड़िता द्वारा थाना प्रभारी को भी घटना की सूचना दिए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर में भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि भीड़ वाले धार्मिक स्थलों पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









