सोनभद्र। रविवार रात करीब 10:12 बजे तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रॉबर्ट्सगंज विद्युत उपकेंद्र के समीप स्थापित 630 केवी ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रांसफार्मर खराब होने से कांशीराम कॉलोनी, हाईडिल कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रही। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। उच्चाधिकारियों से तत्काल संपर्क कर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ट्रॉली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई गई। देर रात विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर के पास ट्रॉली ट्रांसफार्मर स्थापित किया। कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। अवर अभियंता ने बताया कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली समेत अन्य कारणों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। खराबी की सूचना मिलते ही विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बारिश के दौरान बिजली संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय से कार्रवाई कर आपूर्ति सामान्य की जा सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









