सोनभद्र (दुद्धी) कनहर सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र से विस्थापित होकर पुनर्वास कालोनियों में रह रहे ग्रामीणों ने रविवार को कालोनी के हनुमान मंदिर परिसर में बैठक कर क्षेत्र के समुचित विकास और पुनर्वास गांवों को नए सिरे से दर्जा दिए जाने को लेकर मंथन किया। बैठक में सुंदरी, कोरची और भीसुरी पुनर्वास कालोनियों को नए नाम से व्यवस्थित रूप से बसाकर दुद्धी ब्लॉक से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि मूल गांवों से विस्थापित होने के बाद सुंदरी के करीब 1500, कोरची के करीब 1500 और भीसुरी के करीब 1200 विस्थापित मतदाता पुनर्वास कालोनियों में रह रहे हैं। इसके बावजूद वर्षों बाद भी कालोनियों में बुनियादी सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के मुताबिक कालोनियों की सड़कें ऊबड़-खाबड़ हैं तथा शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है।
विस्थापितों का कहना है कि यदि पुनर्वास कालोनियों को नए सिरे से व्यवस्थित करते हुए दुद्धी ब्लॉक से जोड़ दिया जाए तो यहां रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि 2012 के बाद डूब क्षेत्र में विकास कार्य लगभग ठप हो गए हैं। ऐसे में पुनर्वास कालोनियों में प्रधानमंत्री आवास योजना लागू किए जाने से विस्थापित परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है। 50 किमी दूर है पंचायत चुनाव का मतदान केंद्र बैठक में ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव से जुड़ी समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि विधानसभा चुनाव के लिए मतदान केंद्र पुनर्वास कालोनी में ही है, लेकिन पंचायत चुनाव में मतदान करने के लिए उन्हें करीब 50 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य मतदाताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने पुनर्वास कालोनी में ही पंचायत चुनाव के लिए मतदान केंद्र बनाए जाने की मांग की।
बैठक में गंभीरा प्रसाद, अब्दुल रहमान, राजेश भारती, श्याम किशोर, जयनाथ भारती, विमला देवी, अनिल कुमार, मोहम्मद हदीश, मानवती समेत बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









