– सोनभद्र में जुटे 3,500 से अधिक कार्यकर्ता, अनुप्रिया पटेल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का किया आह्वान
सोनभद्र। वर्ष 2027 के विधानसभा एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच रविवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित डीआर ड्रीम बैंक्वेट में अपना दल (एस) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भीड़ जुटी। आयोजकों के अनुसार, करीब 3,500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। समागम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा एवं पंचायत चुनावों को लेकर अभी से संगठन को मजबूत करने और पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) आज उत्तर प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने 2027 के चुनावों के लिए बिना रुके और बिना थके संगठन को मजबूत करने की अपील की। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए संविधान को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश का संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और जनता विपक्ष की इस राजनीति को समझ चुकी है। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर उन्होंने पार्टी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए NEET, सैनिक स्कूलों और नवोदय विद्यालयों में पिछड़े एवं वंचित वर्गों के हितों से जुड़े आरक्षण के प्रावधानों को उपलब्धि के तौर पर गिनाया। वहीं आउटसोर्सिंग में आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम ने की। आयोजन की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल की देखरेख में रही। मंच संचालन विधि मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक चौबे, जिला महासचिव राजकुमार बौद्ध एवं जिला महासचिव मुकेश पटेल ‘तरंग’ ने संयुक्त रूप से किया। समागम में पार्टी नेताओं ने आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के जरिए अपना दल (एस) ने सोनभद्र में अपनी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









