सोनभद्र (दुद्धी) कचहरी रोड स्थित प्रशासनिक अधिकारियों की आवासीय कॉलोनी में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी होने से हड़कंप मच गया। न्यायिक उपजिलाधिकारी के आवास पर किसी कार्य से पहुंचे पूर्व ग्राम प्रधान इस्लाहुद्दीन की सुपर स्प्लेंडर बाइक परिसर के सामने से चोरी हो गई। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। ग्राम बैरखड़ निवासी पूर्व ग्राम प्रधान इस्लाहुद्दीन, वर्तमान में डीसीएफ कॉलोनी में रहते हैं। वह न्यायिक उपजिलाधिकारी के आवास पर मिलने गए थे। इसी दौरान उनकी बाइक संख्या UP 64 AB 6149 को अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद बाइक गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बाइक लेकर जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि युवक बाइक लेकर शिवाजी तालाब की ओर जाता हुआ कैमरे में कैद हुआ है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने के साथ बाइक की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









