सोनभद्र। थाना कोन पुलिस ने शनिवार को रामगढ़ बाजार में चेकिंग के दौरान गोतस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 07 गोवंश (06 गाय व एक बछड़ा) बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो अंतरजनपदीय गोतस्करों को गिरफ्तार कर दोनों पिकअप वाहनों को भी कब्जे में ले लिया। 12 सितंबर 2026 को करीब 12:25 बजे थाना कोन पुलिस टीम रामगढ़ बाजार में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध दो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की गई तो उनमें सात गोवंश क्रूरतापूर्वक लदे मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्र भिदिउरा से गोवंशों को कम कीमत में खरीदकर भदोही और मीरजापुर होते हुए सोनभद्र के तेलगुड़वा रास्ते से गढ़वा, झारखंड ले जाते थे, जहां उन्हें अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वे रास्ते बदल-बदलकर गोवंशों की तस्करी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश कुमार पुत्र शिव शंकर गौतम, निवासी मुजेहरा कला, थाना चिल्ह, मीरजापुर (24) तथा संदीप राम पुत्र मंगरु राम, निवासी रजमला, थाना कोईरौना, संत रविदास नगर (भदोही) (21) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बृजेश कुमार के खिलाफ पूर्व में भी थाना विंढमगंज में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मामले में थाना कोन पर मु0अ0सं0-154/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रमाकान्त पाल, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक यादव एवं कांस्टेबल अभिषेक सिंह शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









